पाकिस्तान के समाचार पत्र 'जंग' से बातचीत के दौरान इंजमाम ने कहा, "मुझे गुटबाजी की बू आ रही है। अगर ऐसा नहीं है तो क्या कारण है कि हाल ही में विश्व कप जीतने वाले टीम का प्रदर्शन अब तक इतना निराशाजनक रहा है।"
इंजी ने कहा कि एक कप्तान के तौर पर यूनुस खान अपने साथियों में एकता कायम करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
बकौल इंजमाम, "कप्तान के तौर पर यूनुस की जिम्मेदारी है कि वह गुटबाजी में शामिल खिलाड़ियों के नाम सामने लाएं। इससे बोर्ड को उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने में आसानी होगी। टीम की एकता के लिए यह बहुत जरूरी है।"
तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में पाकिस्तानी टीम 0-1 से पिछड़ रही है। गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच श्रीलंका ने नाटकीय अंदाज में जीता था जबकि कोलंबो में जारी दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम संघर्ष कर रही है। वह पहली पारी में मात्र 90 रन बना सकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।