दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने एक विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाते हुए 28 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। अपने करियर का पहला टेस्ट शतक लगाने वाले फवद 102 रनों पर नाबाद लौटे। पाकिस्तान ने पहली पारी में 90 रन बनाए थे जबकि श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 240 रन बनाए।
फवद ने 151 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रनों की नाबाद साझेदारी की है। पाकिस्तान ने खुर्रम मंजूर के रूप में अपना एकमात्र विकेट गंवाया है। खुर्रम 85 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 38 रन बनाने के बाद पेवेलियन लौटे।
इससे पहले, रविवार को मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाने वाली श्रीलंकाई टीम उमर गुल और सईद अजमल की घातक गेंदबाजी के आगे बेबस होकर सोमवार को 240 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई।
गुल और अजमल ने चार-चार विकेट लिए। श्रीलंका की ओर से कप्तान कुमार संगकारा ने सर्वाधिक 87 रन बनाए। संगकारा ने अपनी 150 गेंदों की पारी के दौरान नौ चौके लगाए। वह पहले दिन की समाप्ति पर 81 रनों पर नाबाद लौटे थे।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज थरंगा पारानाविताना (26), थिलन समरवीरा (21), तिलकरत्ने दिलशान (20) और एंजोलो मैथ्यूज (27) ने अपने कप्तान का भरपूर साथ दिया।
श्रीलंका ने मैच के पहले दिन रविवार को नुवान कुलसेकरा, अजंता मेंडिस और थिलन तुषारा की घातक गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान को 36 ओवरों में 90 रनों पर समेट दिया था। पाकिस्तान के लिए पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने सर्वाधिक 39 रन बनाए थे।
तीन मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 1-0 से आगे चल रहा है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान पर नाटकीय जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।