कप्तानी के कारण मेरा प्रदर्शन प्रभावित नहीं होगा : अफरीदी
कराची, 29 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान की ट्वेंटी-20 क्रिकेट टीम के नवनियुक्त कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा है कि कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन प्रभावित नहीं होगा।
श्रीलंका के शहर दाम्बुला से फोन पर आईएएनएस से बातचीत के दौरान अफरीदी ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि यह जिम्मेदारी मिलने से मेरा प्रदर्शन किसी हाल में प्रभावित होगा। कप्तान बनने के बाद भी मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश जारी रखूंगा। मैं अपना आगे का सफर वहीं से शुरू करना चाहता हूं, जहां मैंने ट्वेंटी-20 विश्व कप के दौरान छोड़ा था।"
13 साल पहले पाकिस्तान के लिए पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले अफरीदी पहली बार किसी मैच में टीम की कमान संभालेंगे।
अफरीदी को श्रीलंका के साथ अगले महीने की 12 तारीख को खेले जाने वाले एकमात्र ट्वेंटी-20 मुकाबले के लिए पाकिस्तानी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
अफरीदी काफी लंबे समय से घरेलू स्तर पर हबीब बैंक, सिंध और कराची डॉल्फिंस टीमों की कप्तानी करते आ रहे हैं, इस लिहाज से उनके पास इस काम का अच्छा-खासा अनुभव है।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी टीम की कप्तानी मेरे लिए कभी बोझ या समस्या नहीं हो सकती। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि हमारी टीम अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।"
अफरीदी टेस्ट तथा एकदिवसीय टीमों के कप्तान यूनुस खान का स्थान लेंगे। यूनुस ने जून में पाकिस्तान को ट्वेंटी-20 विश्व खिताब दिलाने के बाद ट्वेंटी-20 टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था।
अफरीदी ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तानी टीम को जीत दिलाई थी। यूनुस के इस्तीफे के बाद उन्हें ट्वेंटी-20 टीम के भावी कप्तान के तौर पर देखा जा रहा था।
अफरीदी को फिलहाल एक मैच के लिए कप्तान नियुक्त किया गया है लेकिन बहुत जल्द उन्हें स्थाई तौर पर यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला हो सकता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड फिलहाल यूनुस को दोबारा कप्तानी स्वीकार करने के लिए मनाने में जुटा है लेकिन अगर यूनुस नहीं माने तो अफरीदी का स्थाई कप्तान बनना तय माना जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications