वेबसाइट 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' के मुताबिक हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के एईके बेस अस्पताल में नौ दिनों तक इलाज करवाने के बाद मासा जब सोमवार को साओ पाउलो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, तब उनके स्वागत के लिए प्रशंसकों और मीडिया का हुजूम उमड़ पड़ा था।
मासा को सबसे पहले साओ पाउलो के एक सबसे अच्छे अस्पताल में ले जाया गया। कार से उतरने के बाद मासा अपने पैरों से चलकर अस्पताल के अंदर पहुंचे। मासा का चिकित्सकीय परीक्षण करने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल घर जाने की इजाजत दे दी लेकिन आने वाले दिनों में उनका कई और चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा।
मासा ने कहा, "घर पहुंचकर मैं पहले से काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं जल्दी से जल्दी स्वस्थ्य होकर इस सत्र की आने वाली रेस के लिए फेरारी टीम की कार में बैठना चाहता हूं्। मैं उस घटना को भूल नहीं सकता लेकिन उसे भूलना मेरे लिए जरूरी है। तमाम सहयोग और समर्थन के लिए मैं अपने प्रशंसकों, देशवासियों और मीडिया को धन्यवाद कहना चाहता हूं।"
ट्रैक के बीचोंबीच हुई जबरदस्त दुर्घटना में 28 वर्षीय मासा के सिर की हड्डी को भारी नुकसान पहुंचा था। ब्राउन जीपी टीम के चालक रुबिन्स बारिकेलो की दुर्घटनाग्रस्त कार का एक टुकड़ा मासा के हेलमेट से टकरा गया था।
हेलमेट के क्षतिग्रस्त होने के कारण मासा के सिर और आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट लगी थी। मासा ने खुद को बचाने के लिए आपातकालीन ब्रेक का उपयोग किया था लेकिन उनकी कार जबरदस्त रफ्तार में टायर से बनी दीवार से टकरा गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।