क्वालीफाईंग दौर के फाइनल मुकाबले में फ्रांस के जोसेलिन ओयाना को हराने वाले सोमदेव ने मुख्य ड्रॉ के पहले दौर में जापान के युची सुगिता को 6-0, 7-6 (6) से हराया।
अगले दौर में सोमदेव की भिड़ंत क्रोएशिया के मारिन सेलिक से भिड़ेंगे। सेलिक ने ही इस साल जनवरी में खेले गए चेन्नई ओपन के फाइनल में सोमदेव को पराजित किया था।
सोमदेव ने कहा, "मैं सेलिक से भिड़ने के लिए तैयार हूं। मैं उनके खिलाफ शानदार प्रदर्शन करुं गा। मैं महसूस करता हूं कि पिछले साल की तुलना में मेरे खेल में काफी सुधार आया है। शारीरिक तौर पर भी मैं मजबूत हुआ हूं। आशा है इस बार मैं सेलिक को पराजित करने में सफल रहूंगा।"
वाशिंगटन में सोमदेव का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वर्जिनिया विश्वविद्यालय में पढ़ाई करते हुए सोमदेव ने 2007 और 2008 में आयोजित नेशनल कालेजिएट एथलेटिक एसोसिएशन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीता था।
आस्ट्रेलिया के लेटन हेविट भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। विंबलडन के बाद अपना पहला मैच खेल रहे हेविट ने अमेरिका के वाइल्डकार्ड प्रवेशी डोनाल्ड यंग को सीधे सेटों में 7-5, 6-2 से पराजित किया।
इसके अलावा रूस के मिखाइल यूझेनी और जर्मनी के फिलिप पेटश्रेनर भी दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे। यूझेनी ने अमेरिका के ही रोबर्ट केंड्रिड को कड़े मुकाबले के बाद 7-5, 3-6, 6-1 से हराया जबकि पेटश्रेनर ने रूस के तिमेराज गाबाशिवली पर 4-6, 6-3, 6-4 से जीत हासिल करने में सफल रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।