पाकिस्तानी मीडिया ने खबर दी है कि अध्यक्ष के तौर पर बट्ट अपने विदाई के दिन गिन रहे हैं क्योंकि पाकिस्तानी क्रिकेट के आला अधिकारी उनके काम से खुश नहीं हैं। श्रीलंका में पाकिस्तानी टीम की शर्मनाक पराजय ने बट्ट की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इससे उन्हें पद से हटाए जाने की मुहिम और तेज हो गई है।
संसद की खेल समिति के अध्यक्ष ने हाल ही में 71 साल के बट्ट को पद छोड़ने की सलाह दी थी। समिति प्रमुख ने कहा था कि बट्ट की उम्र काफी अधिक हो गई है, लिहाजा अब उन्हें आराम करना चाहिए। समिति ने बट्ट को पद से हटाए जाने को लेकर सरकार से सिफारिश भी की है।
खबर यह भी है कि पीसीबी के संरक्षक और देश के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी बट्ट पर भरोसा करना छोड़ दिया है, लिहाजा उन्हें जल्द ही पद छोड़ने का आदेश दिया जा सकता है।
पाकिस्तानी मीडिया भी बट्ट के खिलाफ दिख रही है। पाकिस्तान के प्रमुख अंग्रेजी समाचार पत्र 'द न्यूज' ने सुझाव दिया है कि बट्ट को हटाकर किसी पेशेवर व्यक्ति को इस पद पर बैठाना चाहिए।
पत्र के मुताबिक 10 महीने के कार्यकाल के दौरान बट्ट ने पाकिस्तानी क्रिकेट की मुश्किलें कम करने की बजाय बढ़ाई हैं। पत्र ने लिखा है कि आज की तारीख में बट्ट को उनके किसी सहयोगी का समर्थन प्राप्त नहीं है, लिहाजा पीसीबी की गाड़ी को सही दिशा में ले जाने के लिए बट्ट को हटाया जाना अनिवार्य हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।