इस साल अप्रैल-मई में दक्षिण अफ्रीका में ही आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण के दौरान 30 साल के जहीर को कंधे में चोट लग गई थी। उनके इस साल के अंत तक वापसी की उम्मीद है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव एन. श्रीनिवासन ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, "जहीर ने 13 जुलाई को जोहांसबर्ग के डॉक्टर मार्क फग्र्यूसन से अपने कंधे का 'ऑर्थोस्कोपिक लेबरल' ऑपरेशन कराया है। वह फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में ही रहकर सुधार कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। वह नौ अगस्त को 10 दिनों के लिए स्वदेश लौटेंगे और इसके बाद वह फिर दक्षिण अफ्रीका रवाना हो जाएंगे।"
भारतीय टीम को सितंबर से पहले एक भी मैच नहीं खेलना है। 8 सितंबर से उसे श्रीलंका में त्रिकोणीय श्रृंखला खेलनी है। इसमें भारत, न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके बाद भारतीय टीम 22 सितंबर से शुरू हो रही चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना हो जाएगी।
इस साल अक्टूबर-नवंबर में भारतीय टीम सात मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए आस्ट्रेलिया और फिर नवंबर-दिसंबर में टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला के लिए श्रीलंका की मेजबानी करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।