सुरक्षा कारणों से विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप से हटा इंग्लैंड (लीड-1)
बैडमिंटन इंग्लैंड (बीई) ने भी कहा है कि यह जानते हुए कि हैदराबाद में प्रतियोगिता के दौरान आतंकवादी हमला हो सकता है, वह अपने 11 खिलाड़ियों की जान जोखिम में डालने के लिए तैयार नहीं है।
बीई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एड्रियन क्रिस्टी ने आधिकारिक वेबसाइट पर लिखा है, "हम हमले की आशंका को गंभीरता से ले रहे हैं। इस नाते हमारे लिए प्रतियोगिता से हटने का फैसला काफी कठिन रहा। ओलंपिक के बाद विश्व चैंपियनशिप सबसे प्रतिष्ठित आयोजन है, लेकिन हम अपने खिलाड़ियों की जान जोखिम में नहीं डाल सकते।"
"हम विश्व बैडमिंटन महासंघ और आयोजकों को इस बात का धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने हमले की आशंका संबंधी जानकारी को सही समय पर प्रसारित कर दिया। हमने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के बयान को काफी गंभीरता और संजीदगी से पढ़ा और समझा है। इस कारण हम यह मानते हैं कि फिलहाल हमारा भारत से वापस जाना ही सबसे अच्छा फैसला होगा।"
क्रिस्टी ने कहा कि बैडमिंटन इंग्लैंड ने विदेश मंत्रालय और ब्रिटिश उच्चायोग से सलाह करने के बाद यह फैसला किया है। उन्होंने कहा, "हम विदेश विभाग और ब्रिटिश उच्चायोग की सलाह के अनुसार चल रहे हैं। हम पिछले कुछ दिनों से इस संबंध में लगातार विचार-विमर्श में लगे हुए थे। सुरक्षा हमारे लिए सबसे जरूरी है।"
इस बीच, भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल ने इंग्लैंड टीम के प्रतियोगिता से हटने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
सायना ने कहा, "यह जानकर बहुत दुख हुआ कि आतंकी हमले की आशंका से विश्व चैंपियनशिप का आयोजन प्रभावित हो रहा है। इंग्लैंड टीम का वापस जाने का फैसला दुखद है। हमने इंग्लिश खिलाड़ियों को अब तक अभ्यास करते नहीं देखा था।"
भारतीय बैडमिंटन संघ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंग्लैंड के खिलाड़ी आतंकवादी हमले की आशंका से इतने घबराए हुए थे कि कई तो रविवार सुबह ही स्वदेश रवाना हो गए। टीम के शेष सदस्य रविवार रात को स्वदेश रवाना होंगे।
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा है कि राज्य पुलिस ने खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजन स्थल की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
गुप्तचर ब्यूरो के अधिकारी स्टेडियम का दौरा कर चुके हैं। साथ ही साथ अधिकारियों ने पुलेला गोपीचंद द्वारा चलाई जा रही बैडमिंटन अकादमी का भी दौरा किया है। इस अकादमी में खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं।
गोपीचंद की अकादमी और मुख्य स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 250 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही साथ उन चार होटलों के अंदर और बाहर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जहां खिलाड़ी और अधिकारी ठहरे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications