फार्मूला वन में वापसी नहीं करेंगे माइकल शूमाकर
शूमाकर ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से जानकारी दी है कि उनकी गर्दन में चोट है। यह चोट उन्हें इस साल फरवरी में मोटरसाइकिल दुर्घटना के दौरान लगी थी।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक 40 साल के शूमाकर ने फेरारी टीम के चालक फिलिप मासा के स्थान पर इस साल फार्मूला वन रेस में हिस्सा लेना स्वीकार किया था।
शूमाकर को 23 अगस्त को होने वाले स्पेनिश ग्रां पी से वापसी करनी थी। मासा को हंगेरियन ग्रां पी के दौरान गंभीर चोट लगी थी। वह इन दिनों अपने देश ब्राजील में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
शूमाकर ने कहा, "मैंने फेरारी टीम के अध्यक्ष लुका दी मोंटेजेमेलो और टीम प्रिंसिपल स्टेफानो डोमेनिकाली को इस बात की जानकारी दे दी है कि मैं वेलेन्सिया में होने वाली स्पेनिश ग्रां पी में मासा का स्थान नहीं ले सकूंगा। मैंने वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किया। मैं अपने इस फैसले से निराश हूं।"
शूमाकर ने कहा कि इस साल की शुरुआत में मोटरसाइकिल दुर्घटना में उनकी गर्दन और गले के हिस्से की हड्डियां टूट गई थीं। बकौल शूमाकर, "मेरी गर्दन में आज भी तकलीफ है। मुझे इस बात का अहसास है कि मेरी गर्दन फार्मूला वन रेस के दौरान लगने वाले जबरदस्त झटकों को बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है।"
शूमाकर के इस फैसले के बाद ऐसा माना जा रहा है कि फेरारी टीम स्पेनिश ग्रां पी के लिए अपने टेस्ट ड्राइवर लुका बाडोएर और मार्क जीन में से किसी एक को मौका दे सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications