मेहमान टीम को फालोऑन बचाने के लिए 260 रनों की जरूरत थी, जो उसने खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने से कुछ मिनट पहले ही हासिल कर लिया था।
दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान डेनियल विटोरी 58 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि इयान ओ' ब्रायन तीन रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
श्रीलंका की ओर से मुथैया मुरलीधरन और थिलन तुषारा ने तीन-तीन विकेट झटके हैं जबकि असंथा मेंडिस और नुवान कुलसेकरा को एक-एक सफलता मिली।
किवी टीम श्रीलंका के पहली पारी के स्कोर 452 रन से अभी भी 171 रन पीछे है जबकि उसके हाथ में सिर्फ दो विकेट सुरक्षित हैं।
सलामी बल्लेबाज टिम मिशिंतोस और जेसी राइडर ही श्रीलंकाई गेंदबाजों का जमकर सामना कर सके। मिशिंतोस 226 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाने के बाद मुरलीधरन की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए।
राइडर ने 95 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों की मदद से 42 रन बनाए। इसके अलावा रॉस टेलर ने 81 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए।
दिन का पहला विकेट नाइटवॉचमैन जीतन पटेल के रूप में गिरा जो 26 रन बनाकर मुरलीधरन के शिकार बने। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाए थे। उसने सलामी बल्लेबाज मार्क गुपटिल (24) और डेनियल फ्लिन (14) के विकेट गंवाए थे।
इससे पहले, श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 452 रन बनाए। मेजबान टीम के लिए पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने (114), थिलन समरवीरा (159) और तिलकरत्ने दिलशान (92) ने बेशकीमती पारियां खेलीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।