सिनसिनाटी मास्टर्स : फेडरर और मरे ने बनाई सेमीफाइनल में जगह (लीड-1)
सिनसिनाटी (ओहायो), 22 अगस्त (आईएएनएस)। विश्व के सर्वोच्च वरीयता वाले टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर और ब्रिटेन के एंडी मरे सिनसिनाटी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक शुक्रवार को खेले गए एक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फेडरर ने आस्ट्रेलिया के ल्यूटन हेविट को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से मात दे दी। 70 मिनटों तक चले इस मुकाबले में पूर्व विश्व नंबर एक हेविट फेडरर के सामने मजबूती से खड़े न रह सके और तमाम कोशिशों के बावजूद वह इस स्विस स्टार पर हावी भी नहीं हो पाए।
मैच के बाद फेडरर ने कहा, "मेरे लिए यह एक आसान मैच रहा। मैंने सहजता से खेल दिखाया जिससे नतीजा मेरे पक्ष में रहा। हेविट अपना बेहतरीन प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं।"
उधर, एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन मरे को जीत के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने तीन सेटों तक चले मैच में जुलियन बेनेत्यू को 4-6, 6-3, 6-1 से पराजित किया।
मरे ने कहा, "जब दोनों अच्छा टेनिस खेल रहे हों तो आप यह नहीं कह सकते कि कौन जीतेगा। यह एक बड़ा मैच था और मेरे विश्वास को और बढ़ाने वाला भी था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications