समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक खिताबी मुकाबले में स्थान बनाने के लिए फेडरर ने जहां दूसरे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे की चुनौती समाप्त की वहीं जोकोविक ने पूर्व सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल को पराजित किया।
इससे पहले दो बार सिनसिनाटी मास्टर्स का खिताब जीत चुके फेडरर ने मरे को 6-2, 7-6 से पराजित किया। पिछले चार मैचों से मरे लगातार उन पर हावी रहे थे। दूसरी ओर, जोकोविक ने नडाल को बड़ी आसानी से 6-1, 6-4 से मात दी।
जोकोविक को हराकर फेडरर अपने करियर का 16वां मास्टर्स खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। सर्वाधिक मास्टर्स खिताब जीतने का रिकार्ड अमेरिका के आंद्रे अगासी के नाम है, जिन्होंने कुल 17 खिताब जीते हैं।
पिछले साल एक भी प्रमुख खिताब जीतने में नाकाम रहे फेडरर इस साल अब तक तीन खिताब-मेड्रिड मास्टर्स, फ्रेंच ओपन और विंबलडन जीत चुके हैं। यही नहीं, उन्होंने नडाल सर्वोच्च वरीयता वापिस छीन ली। पिछले साल अगस्त में उनके हाथ से सर्वोच्च वरीयता की कुर्सी निकल गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।