Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

जयवर्धने और समरवीरा पर टिकी श्रीलंका की आस (राउंडअप)

जयवर्धने और समरवीरा ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 147 रन जोड़कर बुधवार का खेल समाप्त होने तक श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को मुश्किल से उबार लिया लेकिन दूसरे दिन के पहले सत्र की उनकी बल्लेबाजी यह तय करेगी कि श्रीलंका मेहमान टीम के सामने कितनी बड़ी चुनौती रख पाता है।

टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने 115 रन के कुल योग पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद जयवर्धने (नाबाद 79) और समरवीरा (नाबाद 78) ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाए थे। जयवर्धने ने 210 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके लगाए हैं जबकि समरवीरा ने 139 गेंदों पर 10 चौके लगाए।

श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 75 रन के कुल योग पर ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। श्रीलंका का पहला विकेट 34 रन के कुल योग पर गिरा था। सलामी बल्लेबाज थिलन पारानाविताना 38 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। दूसरा विकेट तिलकरत्ने दिलशान का गिरा था, जिन्होंने 58 गेंदों पर एक चौके की मदद से 29 रन बनाए। इसके बाद कप्तान संगकारा पेवेलियन लौटे। उन्होंने 96 गेंदों का सामना करते हुए छह चौकों की मदद से 50 रन बनाए।

न्यूजीलैंड की ओर से इयान ओ' ब्रायन ने एक और कप्तान डेनियल विटोरी ने दो विकेट हासिल किए। संगकारा को पेवेलियन लौटने के साथ विटोरी ने टेस्ट मैचों में अपने 300 विकेट पूरे कर लिए। इसी के साथ वह टेस्ट मैचों में 300 विकेट और 3000 रन पूरे करने वाले चुनिंदा क्रिकेट खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं।

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर बुधवार से श्रीलंका के साथ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दो विकेट हासिल करने के साथ विटोरी ने 300 टेस्ट विकेट के जादुई आंकड़े को छुआ। विटोरी ने 300वें विकेट के रूप में श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा को पेवेलियन लौटाया। वह 300 या उससे अधिक विकेट लेने वाले टेस्ट इतिहास के 24वें और न्यूजीलैंड के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।

वह 300 विकेटों का आंकड़ा छूने वाले न्यूजीलैंड के पहले स्पिनर हैं। न्यूजीलैंड के लिए इससे पहले यह कारनामा सर रिचर्ड हेडली ने किया था। एक तेज गेंदबाज के तौर पर हेडली ने 86 मैचों में 431 विकेट अपने नाम किए थे। वर्ष 1997 में अपना टेस्ट करियर शुरू करने वाले 30 साल के विटोरी ने करियर के 94वें मैच में 300 विकेट पूरे किए। उन्होंने 18 बार पारी में पांच विकेट और तीन बार मैच में 10 विकेट हासिल किए हैं।

टेस्ट मैचों में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकार्ड श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम है, जिन्होंने 129 मैचों में 777 विकेट चटकाए हैं। मुरली के बाद आस्ट्रेलिया के शेन वार्न ही ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट मैचों में 700 विकेटों का आंकड़ा पार किया है। वार्न के नाम 708 विकेट दर्ज हैं। वार्न क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

विटोरी से पहले इंग्लैंड के इयान बॉथम, भारत के कपिल देव, पाकिस्तान के इमरान खान, वार्न, दक्षिण अफ्रीका के शान पोलाक और श्रीलंका के चमिंडा वास ने टेस्ट मैचों में 300 विकेट और 3000 या उससे अधिक रन बनाने का कारनामा किया है। यही नहीं, विटोरी विश्व क्रिकेट के सबसे सफल बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह इंग्लैंड के डेरेक अंडरवुड के 297 विकेटों के रिकार्ड को पीछे छोड़ा था।

विटोरी ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गौरवशाली दिन है। बकौल विटोरी, "यह मेरे करियर का सबसे बड़ा दिन है। मैं अपने देश के लिए कुछ खास करके काफी प्रसन्नता महसूस कर रहा हूं।" दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बना चुकी है। उसने गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच 202 रनों से जीता था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:24 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+