श्रीलंका 339 रनों की बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में (लीड-3)
तीसरे दिन के अंतिम सत्र का खेल बारिश के कारण रोक देना पड़ा। थोड़ी देर इंतजार के बाद अंपायरों ने दिन के खेल की भी समाप्ति की घोषणा कर दी। खेल रोके जाने तक श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 157 रन बना लिए थे।
श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 416 रन बनाए थे जबकि न्यूजीलैंड की पहली पारी 234 रनों पर सिमट गई थी। इस तरह श्रीलंका को पहली पारी के आधार पर 182 रनों की बढ़त मिली थी।
श्रीलंका ने सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान और थिलन पारानाविताना के विकेट गंवाए हैं। दिलशान 33 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी 42 गेंदो की पारी के दौरान दो चौके लगाए। पारानाविताना ने 34 रन बनाए।
कप्तान कुमार संगकारा 90 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने 23 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों तीसरे विकेट के लिए नाबाद 68 रन जोड़ चुके हैं।
इससे पहले, दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाने वाली न्यूजीलैंड टीम की पहली पारी 234 रनों पर सिमट गई।
मेहमान टीम ने 63 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रॉस टेलर और जेसी राइडर ने चौथे विकेट के लिए 85 रन जोड़कर अपनी टीम को मुश्किल से उबारने का काम किया लेकिन बाद में आने वाले बल्लेबाज अपनी टीम के लिए कुछ खास योगदान नहीं दे सके।
दूसरे दिन 70 रन बनाकर नाबाद लौटे टेलर 81 रन के व्यक्तिगत योग पर आउट हुए वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम ने 18, हरफनमौला खिलाड़ी जैकब ओरम ने 24, कप्तान डेनियल विटोरी ने 23 और इयान ओ' ब्रायन ने चार रन बनाए।
क्रिस मार्टिन खाता खोले बगैर अविजित रहे। श्रीलंका की ओर से स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन और रंजना हेराथ ने तीन-तीन विकेट अपनी झोली में डाले। थिलन तुषारा ने दो और धम्मिका प्रसाद तथा दिलशान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 416 रन बनाए थे। श्रीलंका के लिए थिलन समरवीरा ने सर्वाधिक 143 रनों का योगदान दिया था जबकि जयवर्धने ने 92 रन बनाए थे।
दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बना चुकी है। उसने गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच 202 रनों से जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications