नेहरू कप : सीरिया के खिलाफ निर्णायक भिड़ंत के लिए उतरेगा भारत
सीरिया की टीम फाइनल में पहुंच चुकी है जबकि खिताबी मुकाबले में खेलने का हक हासिल करने के लिए भारत को यह मैच कम से कम ड्रॉ कराना होगा।
पिछले बार की उपविजेता टीम सीरिया ने तीन मुकाबलों से नौ अंक हासिल किए हैं जबकि भारत ने इतने ही मैचों से छह अंक जुटाए हैं। अब तक खेले गए मुकाबले के नतीजों से साफ हो गया है कि फाइनल में स्थान बनाने के लिए भारत को इस मैच में सीरिया को बराबरी पर रोकना होगा। वैसे भारत यह मैच हार भी जाता है, तब भी उसका फाइनल में पहुंचना तय है।
यह मैच सीरिया के लिए उतना महत्वपूर्ण नहीं, जितना भारत के लिए है क्योंकि एक मैच गंवा चुकी भारतीय टीम अपने तीसरे मैच को हर हाल में जीतना चाहेगी। इसके बावजूद दोनों टीमें खिताबी मुकाबले के लिए अपने प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देना चाहेंगी।
सीरिया के कोच फ्रेजर इब्राहिम ने कहा है कि चूंकि उनके खिलाड़ी लगातार तीन मैच जीतकर काफी थक गए हैं लिहाजा वह भारत के साथ होने वाले मुकाबले के लिए अपने खिलाड़ियों पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहते।
दूसरी ओर, भारतीय कोच बॉब हॉटन यह जरूर चाहेंगे कि उनकी टीम तीसरी जीत हासिल करे लेकिन वह भी अपने प्रमुख खिलाड़ियों पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहेंगे।
हॉटन ने साफ कर दिया है कि इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान बाइचुंग भूटिया और स्टीवन डियास नहीं खेलेंगे क्योंकि टीम को फाइनल में पहुंचाने के लिए दोनों खिलाड़ियों ने पिछले मुकाबलों में काफी मेहनत की है।
इस लिहाज से हॉटन सुशील सिंह और अभिषेक यादव जैसे युवा स्ट्राइकरों को सीरिया के खिलाफ आजमाने पर विचार कर रहे हैं। हॉटन दोहा में होने वाले एशिया कप के मद्देनजर सुशील और यादव को अधिक से अधिक अंतर्राष्ट्रीय मैचों में खिलाना चाहते हैं।
भारत ने अपने दूसरे मैच में किर्गिस्तान को 2-1 से हराया था जबकि उसने अपने तीसरे मुकाबले में श्रीलंका पर 3-1 से जीत दर्ज की थी। वह अपना पहला मैच लेबनान से 0-1 से हार गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications