कोलंबो, 29 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में कुमार संगकारा के शतक की बदौलत तीन विकेट पर 262 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही श्रीलंका की कुल बढ़त 444 रनों की हो गई है।
स्थानीय सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर तीसरे दिन के स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 157 रनों से आगे खेलते हुए संगकारा और माहेला जयवर्धने ने तेजी से रन बनाए। संगकारा 109 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। खबर लिखे जाने तक जयवर्धने 79 और थिलन समरवीरा बिना कोई रन बनाए नाबाद थे।
इससे पहले खेल के तीसरे दिन मेहमान कीवी टीम अपनी पहली पारी में 234 रनों पर सिमट गई थी। श्रीलंका ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे।
गौरतलब है कि दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 1-0 से बढ़त बनाए हुए है। उसने गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच 202 रनों से जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।