पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द नेशन' में प्रकाशित खबर के मुताबिक बाबरी ने नाइट राइर्ड्स टीम के सह-मालिक बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को पत्र लिखकर टीम के साथ काम करने की अनुमति मांगी है। बाबरी ने पाकिस्तानी टीम को ट्वेंटी-20 विश्व कप जिताने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
बाबरी ने शाहरुख और नाइट राइर्ड्स टीम के कप्तान सौरव गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली को लिखे पत्र में कहा है कि अगर उन्हें टीम का 'मानसिक कोच' (मेंटल कोच) और 'विचार प्रबंधक' (थॉट मैनेजर) नियुक्त किया जाता है, तब वह दावे के साथ कह सकते हैं कि नाइट राइर्ड्स टीम आईपीएल के तीसरे संस्करण में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।
बाबरी ने ट्वेंटी-20 विश्व कप से पहले दावे के साथ कहा था कि कमजोर समझी जाने वाली पाकिस्तानी टीम इस बार खिताब जीतेगी। इसका कारण यह था कि बाबरी ने पाकिस्तानी टीम के साथ छह दिन बिताए थे। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की सोच और खेल के प्रति उनकी मानसिकता पर गहरा असर डाला था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बाबरी को टीम का विशेष फिजियो नियुक्त किया था। पीसीबी चाहता था कि बाबरी उसके खिलाड़ियों के अंदर आत्मविश्वास पैदा करने का काम करें, जिसे उन्होंने बखूबी अंजाम दिया था।
पाकिस्तानी टीम में बाबरी की बहुत प्रतिष्ठा है। पूर्व कोच ज्यौफ लॉसन उन्हें टीम के लिए बेहद कीमती शख्स मानते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।