सोमवार को स्थानीय अंबेडकर स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने सीरिया को 5-4 से पराजित किया। मैच का फैसला पेनाल्टी शूट आउट में हुआ।
भारत ने दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया है। बाइचुंग भूटिया के नेतृत्व में खेलते हुए भारतीय टीम ने 2007 में सीरिया को ही हराकर पहली बार यह टूर्नामेंट जीता था। अंबेडकर स्टेडियम में खेले गए उस फाइनल मुकाबले में भारत ने सीरिया को 1-0 से पराजित किया था।
नेहरू कप का पहली बार 1982 में आयोजन किया गया था। टूर्नामेंट के पहले संस्करण का खिताब उरुग्वे ने चीन को 2-0 से हराकर जीता था।
इस खिताब पर सर्वाधिक चार बार सोवियत संघ का कब्जा रहा है। हंगरी और इराक ने दो-दो बार इसे जीता है। इसके अलावा उरुग्वे, पोलैंड, रूमानिया, उत्तर कोरिया ने इसे एक-एक बार जीता है।
प्रायोजकों की कमी और कुछ अन्य कारणों से 1997 से 2007 तक इस टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हो सका था। बॉब हॉटन के 2007 में कोच बनने के साथ इसे दोबारा शुरू किया गया।
पिछले दो संस्करणों से भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी-तेल व प्राकृतिक गैस आयोग (ओएनजीसी) इसे प्रायोजित कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*