अमेरिकी ओपन : सेरेना, क्लिस्र्ट्स और एजारेंका दूसरे दौर में (लीड-2)
सेरेना ने पहले दौर के मुकाबले में अपने देश की एलेक्सा ग्लाच को 6-1, 6-4 से पराजित किया जबकि क्लिस्र्ट्स ने युक्रेन की विक्टोरिया कुतुजोवा को 6-1, 6-1 से हराया। एजारेंका ने रोमानिया की एलेक्जेंड्रा डुल्हेरू को 6-1, 6-1 से मात दी जबकि इटली की फ्लालिया पेनेता ने रोमानिया की एडिना गालोवित्स को असानी से 6-0, 6-4 से पराजित किया।
अगले दौर में पेनेता की भिड़ंत भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया मिर्जा से होगी। सानिया ने बेलारूस की ओल्गा गोवोरत्सवा को पराजित कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
सानिया को गोवोरत्सवा ने कड़ी टक्कर दी। बाद में सानिया ने उन्हें कड़े संघर्ष में 6-2, 3-6, 6-3 से हराया। पहले सेट में आसान जीत दर्ज करने के बाद सानिया दूसरे सेट में अपने खेल पर नियंत्रण नहीं रख पाईं, जिसका नतीजा हुआ कि वह यह सेट हार गईं। तीसरे सेट में सानिया ने हालांकि एक बार फिर वापसी की और मैच अपने नाम किया।
इसके अलावा पुरुष वर्ग में सर्वोच्च वरीय भारतीय सोमदेव देवबर्मन और छह बार के विजेता स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। सोमदेव ने सोमवार देर रात खेले गए पहले दौर के मुकाबले में पुर्तगाल के फ्रेडरिको गिल को सीधे सेटों में 6-3, 6-4, 6-3 से हराया।
विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी फेडरर ने 18 वर्ष के अमेरिकी वाइल्डकार्डधारी खिलाड़ी डेविन ब्रिटन को 6-1, 6-3, 7-5 से पराजित कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। फेडरर ने कहा, "ग्रैंड स्लैम या किसी भी प्रतियोगिता में जीतकर मुझे खुशी ही होती है। अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में पहुंचकर भी मुझे खुशी ही हो रही है। "
ब्रिटन की तारीफ करते हुए फेडरर ने कहा, "ब्रिटन का प्रदर्शन अच्छा रहा। दरअसल मैं एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ खेल रहा था, जो खोने के लिए नहीं खेल रहा था।" फेडरर लगातार छठे खिताब के लिए प्रयासरत हैं। इसके अलावा सर्वोच्च वरीयता की कुर्सी इस साल के अंत तक अपने पास रखने के लिए फेडरर को कम से कम चौथे दौर तक का सफर तय करना होगा।
वह अगर ऐसा नहीं कर सके तो इसका सीधा फायदा ब्रिटेन के एंडी मरे और स्पेन के राफेल नडाल को मिलेगा, जो क्रमश: दूसरे और तीसरे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। फेडरर की असमय विदाई की सूरत में मरे को सर्वोच्च वरीयता की कुर्सी मिल सकती है लेकिन अगर मरे भी असमय उलटफेर का शिकार हुए तब नडाल इसे हासिल करना चाहेंगे।
इसके लिए नडाल को इस खिताब पर कब्जा करना होगा, जो काफी कठिन माना जा रहा है क्योंकि वह घुटने में चोट के कारण दो महीने तक टेनिस से दूर रहे हैं।
पुरुष वर्ग में रूस के निकोली डेवीडेंको, स्पेन के टॉमी रोब्रेडो और अमेरिका के जॉन इश्नर भी जीत हासिल करने में सफल रहे। डेवीडेंको ने पहले दौर में जर्मनी के दिएतेर काइंडलमैन को 6-3, 6-4, 7-5 से पराजित किया जबकि रोब्रेडो ने अमेरिका के डोनाल्ड यंग को 6-4, 3-6, 6-2, 6-3 से हराया। इश्नर रोमानिया के विक्टर हेनेस्यू को 6-1, 7-6,7-6 से हराने में सफल रहे।.
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications