विश्व मुक्केबाजी : ननाओ ने दूसरे दौर में बनाई जगह (लीड-1)
बुधवार को जय भगवान दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे थे जबकि उसके एक दिन बाद उदीयमान मुक्केबाज ननाओ सिंह भी दूसरे दौर में पहुंच गए।
ननाओ ने गुरुवार को 48 किलोग्राम भार वर्ग में अजरबैजान के मामिसजाद एल्विन को 21-6 से पराजित किया। अगले दौर में ननाओ का सामना एशियाई चैंपियन थाईलैंड के पोंगप्रायून काइयो के साथ होगा। काइयो ने कजाकिस्तान के कापेजोव एल्देत को पराजित किया।
ननाओ और पोंगप्रायून की इससे पहले एक बार भिड़ंत हो चुकी है। जुलाई में खेले गए एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में पोंगप्रायून ने ननाओ को पराजित किया था।
भारत के जय भगवान भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। जय भगवान ने बुधवार को 60 किलोग्राम भार वर्ग में वेनेजुएला के रोड्रिग्ज एंजेल को पराजित किया था।
विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के शुरुआती तीन दिनों में चार भारतीय खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं। मुकाबलों के दूसरे दिन बीजिंग ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय कर चुके जितेंद्र कुमार हार गए थे। जितेंद्र को 54 किलोग्राम वर्ग में तजाकिस्तान के मुक्केबाज युनुसोव अनवर ने पराजित किया था।
जितेंद्र के अलावा पहले दौर में हारने वाले भारतीय मुक्केबाजों में एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण जीत चुके सुरंजय सिंह (51 किलोग्राम), मनोज कुमार (64 किलोग्राम) और बीजिंग ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले अखिल कुमार शामिल हैं।
अखिल कलाई में चोट के कारण अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ से मिली जानकारी के मुताबिक कलाई की चोट से उबरने के लिए अखिल को छह से आठ सप्ताह तक का वक्त लग सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications