अमेरिकी ओपन : तीसरे दौर में पहुंचे युकी भांबरी (लीड-2)
युकी ने मंगलवार को खेले गए दौर के मुकाबले में स्विट्जरलैंड के सैंड्रो एहरात को सीधे सेटों में 6-0, 6-1 से पराजित किया। इस साल आस्ट्रेलियन ओपन का जूनियर खिताब जीतने वाले युकी अगले दौर में अमेरिका के जैक कुक से भिड़ेंगे।
युगल मुकाबलों में हालांकि युकी को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा। चीनी ताइपे के अपने जोड़ीदार लियांग ची हुयांग के साथ खेल रहे युकी को अमेरिका के इवान किंग और डेनिस कुडला की जोड़ी ने 6-2, 10-6 से पराजित किया।
उधर, भारत के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ युगल मुकाबलों के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
भूपति और उनके जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स ने क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया के इवान जुविकिच और फ्रांस के माइकल लोर्दा की जोड़ी को पराजित किया। भूपति-नोल्स ने यह मैच 6-3, 6-5 से पराजित किया।
पेस और उनके जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही ने दक्षिण अफ्रीका के वेस्ले मूडी और बेल्जियम के डिक नार्मन की जोड़ी को 6-3, 5-7, 6-4 से हराया।
फाइनल में भूपति और नोल्स की भिड़ंत पेस और डुल्ही के साथ हो सकती है। एक समय जोड़ीदार रहे पेस और भूपति के बीच होने वाला यह मुकाबला भारतीय टेनिस प्रेमियों के लिए खासा रोचक हो सकता है।
इसके लिए लेकिन भूपति और नोल्स को अगले दौर में बेलारूस के मैक्स मिर्नी तथा इजरायल के एंडी रैम को हराना होगा जबकि पेस और डुल्ही को अमेरिका के ब्रायन बंधुओं-माइक और बॉब की चुनौती समाप्त करनी होगी।
पेस ने मंगलवार को दोहरी सफलता हासिल करते हुए मिश्रित युगल मुकाबलों के फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। अपनी जोड़ीदार जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ खेलते हुए पेस ने सेमीफाइनल में जिंबाब्वे के केविन उलियट और ताइवान की सु-वेई हेसिह की जोड़ी को 6-2, 3-6, 10-5 से पराजित किया।
पहला सेट आसानी जीतने के बाद पेस और ब्लैक की जोड़ी दूसरे सेट में कमजोर पड़ती दिखी नतीजतन दूसरा सेट उसे गवांना पड़ा। परंतु इस जोड़ी ने तीसरे सेट में शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
अमेरिकी ओपन के एकल मुकाबलों में भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी है। इस वर्ग में अपनी चुनौती पेश कर रहीं सानिया मिर्जा और सोमदेव देवबर्मन दूसरे दौर में पराजित हुए। सानिया मिश्रित युगल और युगल मुकाबलों से भी बाहर हो चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications