अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आधिकारिक वेबसाइट 'आईसीसी-क्रिकेट डॉट याहू डॉट नेट' के मुताबिक सात मैचों की श्रृंखला में लगातार छठी जीत हासिल करने के साथ आस्ट्रेलियाई टीम ने दक्षिण अफ्रीका से यह स्थान हासिल किया था। आस्ट्रेलिया की उस सफलता ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे और भारतीय टीम को तीसरे स्थान पर धकेल दिया था।
टीमों के वरीयता क्रम में शीर्ष पर बने रहने के लिए आस्ट्रेलियाई टीम को रविवार को चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला गया सातवां और अंतिम मुकाबला हर हाल में जीतना था लेकिन इंग्लैंड के खिलाड़ियों की धारदार गेंदबाजी और उम्दा बल्लेबाजी के आगे उसे चार विकेट से हार झेलने पर मजबूर होना पड़ा। इस हार ने जहां उसके हाथ से इंग्लैंड का सफाया करने का मौका छीन लिया, वहीं उसके हाथ से सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टीम की कुर्सी भी निकल गई।
एक सप्ताह के भीतर भारतीय टीम ने काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। श्रीलंका में आयोजित कॉम्पैक कप के पहले लीग मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम पहले पायदान पर पहुंची थी लेकिन 24 घंटे बाद श्रीलंका के हाथों मिली हार के बाद उसकी बादशाहत छिन गई थी।
भारतीय टीम तीसरे स्थान पर खिसक गई थी। कॉम्पैक कप के फाइनल में श्रीलंका को हराकर भारतीय टीम ने एक बार फिर अपनी स्थिति सुधारी और दूसरे पायदान पर पहुंच गई लेकिन वहां उसे एक सप्ताह से भी कम समय तक रहने का मौका मिला।
अब टीमों की एकदिवसीय रैंकिंग में बदलाव चैंपियंस ट्रॉफी के बाद ही होगी। चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 22 सितंबर से दक्षिण अफ्रीका में होना है। इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय टीम एक बार फिर शीर्ष पर पहुंच सकती है क्योंकि उसके और दक्षिण अफीका के बीच सिर्फ एक रेटिंग अंक का फासला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*