यह जानकारी देते हुए सोमवार को अजमेर में राज्य के युवा एवं खेलकूद मामलों के प्रमुख शासन सचिव बी.बी. मोहन्ती ने बताया कि इसके लिये राज्य में पंचायत युवा क्रीड़ा अभियान प्रारंभ हो गया है। इसके तहत 15 अक्टूबर तक जिला स्तर पर सभी खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कर नवम्बर माह में राज्य स्तर पर तत्पश्चात राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य कॉमनवैल्थ खेलों में देश एवं राजस्थान का गौरवमयी स्थान बने। इसके लिये पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
मोहन्ती ने बताया कि खिलाड़ियों को उनकी योग्यता एवं प्रतिभा के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राज्य के 4 यूथ हॉस्टलों को 20-20 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है। इससे यूथ हॉस्टल के बजट होटल बनाकर युवा खिलाड़ियों को सस्ती दर पर आवास एवं भोजन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूल स्तर पर खेलकूद में सुधार लाने के लिए पी.टी.आई के दायित्वों का पुन:निर्धारण कर उन्हें बच्चों में खेलकूद और शैक्षिक गतिविधियों के प्रति ललक जगाने के प्रयास करने होंगे।
मोहन्ती ने बताया कि अजमेर में खेलकूद सुविधाओं का आधारभूत ढांचा तैयार करने की दिशा में चन्दबरदाई नगर खेल स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ का कार्य हो रहा है और पटेल स्टेडियम में भी खेलकूद सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।