न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रॉस टेलर टेलर 21 और ग्रांट इलियट 17 रन बनाकर खेल रहे हैं।
न्यूजीलैंड का पहला विकेट बेंडन मैक्कुलम (17) के रूप में गिरा। वह मोहम्मद आमेर की गेंद पर अफरीदी को कैच दे बैठे। इसके बाद गुपटिल (11) भी जम नहीं सके और उमर गुल की गेंद पर नाबेद उल-हसन के हाथों कैच आउट हो गए। रेडमंड (15) को सईद अजमल ने अपनी ही गेंद पर कैच लपक कर आउट कर दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम बड़ा स्कोर करने में नाकाम रही। पाकिस्तान ने 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद यूसुफ (45), उमर अकमल (55), इमरान नजीर (28), कामरान अकमल (24) को छोड़ कोई बल्लेबाज महत्वपूर्ण योगदान नहीं दे सका।
मोहम्मद यूसुफ और उमर अकमल ने पांचवें विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की। इसके अलावा कोई बल्लेबाज कोई महत्वपूर्ण साझेदारी करने में नाकाम रहे।
नौवें विकेट के रूप में मोहम्मद आमेर (19) और सईद अजमल (14) ने जरूर संभलकर पारी खेली और टीम के कुल योग में 33 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ना एक समय लग रहा था कि पाकिस्तानी पारी 200 रनों के आसपास सिमट जाएगी।
पाकिस्तान का पहला विकेट इमरान नजीर (28) के रूप में गिरा। बांड की गेंद पर वह टेलर को कैच दे बैठे। शोएब मलिक दो रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें बटलर ने टेलर के हाथों कैच आउट कराया।
इसके बाद खेल के 14वें ओवर में कामरान अकमल (24) भी बटलर की गेंद पर रेडमंड को कैच दे बैठे। पाकिस्तान का चौथा विकेट यूनुस खान (15) के रूप में गिरा। विटोरी की गेंद पर वह टेलर के हाथों कैच आउट हुए।
मोहम्मद यूसुफ ने 45 रन बनाकर विकेट पर टिकने की कोशिश में थे कि मिल्स की गेंद पर बोल्ड हो गए। उमर अकमल ने 55 रन बनाए और वह विटोरी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इसके बाद आए बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। शाहिद अफरीदी 4, उमर गुल 6 और नावेद उल-हसन 8 रन बनाकर आउट हो गए।
न्यूजीलैंड के गेंदबाज बटलर ने चार और विटोरी ने तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। मिल्स और बांड को एक-एक विकेट मिले।
उल्लेखनीय है चैम्पियंस ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार को इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था जिसमें आस्ट्रेलिया की टीम ने इंग्लैंड को पराजित कर फाइनल में जगह बना ली। चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला सोमवार 5 अक्टूबर को खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।