पहले एकदिवसीय मैच में आस्ट्रेलिया से लड़कर हारी टीम इंडिया (लीड-12)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलियाई टीम ने कप्तान रिकी पोंटिंग (74 रन, 85 गेंद, 8 चौके, 2 छक्के), माइकल हसी (73 रन, 54 गेंद, 8 चौके, 1 छक्का), टिम पेन (50 रन, 62 गेंद, 9 चौका) और कैमरून व्हाइट (51 रन, 68 गेंद, 3 चौके, 1 छक्का) की उम्दा बल्लेबाजी की मदद से निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 292 रन बनाए।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने तीन विकेट झटके जबकि आशीष नेहरा को दो सफलता मिली। इसके अलावा रवींद्र जडेजा और हरभजन सिंह ने भी एक-एक विकेट हासिल किए।
जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम ने गौतम गंभीर (68 रन, 85 गेंद, छह चौके, 1 छक्का), विराट कोहली (30 रन, 41 गेंद, 3 छक्का) और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (34 रन, 46 गेंद, चार चौके) की संघर्षपूर्ण पारियों की मदद से 40वें ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 201 रन बना लिए थे।
इस स्थिति तक भारत की जीतने की उम्मीद करना बेमानी थी लेकिन हरभजन सिंह और प्रवीण कुमार ने एक के बाद एक लगातार चौके और छक्के जड़ते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया था। हरभजन और प्रवीण ने अपने करियर की बेहतरीन पारी खेलते हुए आठवें विकेट के लिए 84 रन जोड़ दिए थे लेकिन शायद होनी की भारत की जीत मंजूर नहीं थी।
इसी बीच तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने 285 रन के कुल योग पर हरभजन का विकेट चटकाकर अपनी टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। हरभजन ने 31 गेंदों की अपनी तूफानी पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के ज़ड़े। उनके आउट होने के बाद प्रवीण और आशीष नेहरा उतने विस्फोटक नहीं हो सके, जो जीत के लिए जरूरी थी। इसी का नतीजा था कि भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति पर आठ विकेट के नुकसान पर 288 रन ही बना सकी।
प्रवीण 32 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद लौटे। महज 54 गेंदों पर 73 रन बनाकर आस्ट्रेलियाई पारी को मजबूती देने वाले हसी को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
इस रोमांचक मुकाबले में मिली जीत के साथ मेहमान टीम ने सात मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रृंखला का दूसरा मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर 28 अक्टूबर को खेला जाना है। यह मैच दिन-रात का होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications