भारत को जीत के लिए बनाने होंगे 251 रन (लीड-5)
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीता और मेहमान टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। खराब शुरुआत से उबरते हुए मेहमान टीम शेन वॉटसन, रिकी पोंटिंग, कैमरून व्हाइट और माइकल हसी के प्रयासों के कारण एक समय अच्छी स्थिति में दिख रही थी लेकिन अंतिम 10 ओवरों में भारतीय गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने चुस्ती दिखाते हुए 49.2 ओवरों में 250 रन पर उसके सभी बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखा दी।
आस्ट्रेलिया की ओर से व्हाइट ने सर्वाधिक 62 रनों का योगदान दिया जबकि पोंटिंग ने 52 रनों की कप्तानी पारी खेली। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन ने 49 और माइकल हसी ने 40 रन बनाए। व्हाइट ने 71 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का लगाया।
पोंटिंग ने अपनी 59 गेंदों की तेज पारी के दौरान पांच चौके और एक छक्का तथा वॉटसन ने 52 गेंदों पर छह चौके लगाए। हसी ने भी तेज पारी खेली। उन्होंने 41 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा। इन चारों के आउट होने के बाद मानो मेहमान टीम भरभरा गई। तू चल मैं आया की तर्ज पर सभी बल्लेबाज पेवेलियन लौटते रहे।
इस श्रंखला में अपना पहला मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज शान मार्श (5), मोएसिस हेनरिक्स (6), मिशेन जानसन (8), ग्राहम मानोउ (7), पीटर सिडल (1) और डगलस बोलिंगर (0) ने निराश किया। नेथन हारित्ज नौ रन बनाकर नाबाद लौटे।
भारत की ओर से आशीष नेहरा ने सबसे अधिक तीन विकेट झटके जबकि हरभजन सिंह को दो और युवराज सिंह को एक सफलता मिली। आस्ट्रेलिया के चार बल्लेबाज-पोंटिंग, मानोउ, बोलिंगर और व्हाइट रन आउट हुए।
विश्व की सर्वोच्च वरीयता क्रिकेट टीम का ताज एक बार फिर से हासिल करने के लिहाज से यह हासिल करने योग्य लक्ष्य माना जा सकता है। इसका कारण यह है कि मेहमान टीम विकेट की ताजगी को भुना नहीं सकी लेकिन कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के नेतृत्व में भारतीय बल्लेबाज इन दिनों जबरदस्त फार्म में हैं। इस लिहाज से भारतीय टीम के लिए यह लक्ष्य मुश्किल साबित नहीं होना चाहिए।
इस मैच के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को फिट घोषित कर दिया गया जबकि गौतम गंभीर को गर्दन में चोट के कारण बाहर बैठना पड़ा है। गंभीर के स्थान पर दिल्ली के बल्लेबाज विराट कोहली को अंतिम-11 में जगह दी गई।
सहवाग का इस मैच में खेलना संदिग्ध लग रहा था क्योंकि दिल्ली में खेले गए तीसरे मुकाबले के दौरान उनके पैर में चोट लग गई थी। दूसरी ओर, मेहमान टीम ने एक परिवर्तन किया। बल्लेबाज एडम वोग्स के स्थान पर मार्श को टीम में शामिल किया गया।
सात मैचों की श्रृंखला के तीसरे मुकाबले में आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर भारत ने 2-1 की बढ़त बना ली है। पहला मैच वडोदरा में खेला गया था। आस्ट्रेलिया ने यह मैच चार रन से जीता था जबकि नागपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम ने 99 रनों से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications