गुरुवार सुबह स्वदेश पहुंचे सिडल ने कहा कि वह घर लौटकर खुश हैं लेकिन उन्हें इस बात का खासा दुख है कि वह अपनी टीम के लिए पूरी श्रृंखला नहीं खेल पाए। सिडल के मुताबिक पांच खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण आस्ट्रेलियाई टीम काफी मुश्किल में है। सिडल के स्थानापन्न के तौर पर न्यू साउथ वेल्स के तेज गेंदबाज बर्ट कॉकले को भारत भेजा जा रहा है।
'आस्ट्रेलियन एसोसिएट प्रेस' ने सिडल के हवाले से लिखा है, "घर लौटकर खुशी है। दोस्तों और परिजनों से मिलना और अपने बिस्तर पर सोने का आनंद ही कुछ और है। मुझे हालांकि इस बात का दुख है कि मैं पूरी श्रृंखला के दौरान टीम के साथ नहीं रह सका। दरअसल, हम सभी इतना क्रिकेट खेल रहे हैं कि हमारा शरीर साथ नहीं दे रहा है। मेरी चोट लगातार पांच महीने से खेलते रहने का नतीजा है। मुझे इस बात की चिंता है कि मेरे साथी बाकी के तीन मैचों में किस तरह का प्रदर्शन करेंगे।"
सात मैचों की श्रृंखला के चौथे मुकाबले में भारत को 24 रनों से हराकर आस्ट्रेलिया ने श्रृंखला में 2-2 की बराबरी कर ली। भारतीय टीम ने दिल्ली में खेले गए तीसरे मुकाबले में उसे छह विकेट से हराकर 2-1 की बढ़त बनाई थी। पहला मैच वडोदरा में खेला गया था। आस्ट्रेलिया ने यह मैच चार रनों से जीता था जबकि नागपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम ने 99 रनों से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।