वर्ष 2008 में खेले गए आईपीएल के पहले संस्करण में टीम की कमान संभालने वाले गांगुली को 2009 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए दूसरे संस्करण के दौरान कप्तानी से हटा दिया गया था। उनके स्थान पर टीम के वरिष्ठ बल्लेबाज और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ब्रेंडन मैक्लम को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
नाइट राइर्ड्स टीम आईपीएल के दूसरे संस्करण में अंतिम स्थान पर रही थी। इससे नाराज फ्रेंचाइजी के मालिक और फिल्म अभिनेता शाहरुख खान ने आस्ट्रेलिया के जॉन बुकानन को कोच पद से बर्खास्त कर दिया था।
बहरहाल, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त डेव व्हाटमोर को टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। साथ ही दिल्ली के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज विजय दहिया को व्हाटमोर का सहायक नियुक्त किया गया है।
शाहरुख इससे पहले पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम को टीम का सलाहकार नियुक्त कर चुके हैं। टीम प्रबंधन द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि एंड्रयू लीपस टीम में फिजियो की भूमिका निभाएंगे जबकि एड्रियन ली रॉक्स को ट्रेनर नियुक्त किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।