हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में गुरुवार को मार्श के 112 रनों की बदौलत ही आस्ट्रेलियाई टीम 350 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर सकी। उनके करियर का यह पहला शतक था। यह बात दीगर है कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की अद्भुत बल्लेबाजी के आवरण में 26 वर्ष के इस आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का शानदार शतक गुम सा हो गया।
आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द एज' के मुताबिक मार्श ने कहा, "यह जानकर अच्छा लगा कि मेरे पिता ने भी आस्ट्रेलिया के लिए भारत में शतक लगाया था और अब मैंने भी शतक जड़ा है।"
उनके पिता ज्योफ ने सात सितम्बर, 1986 को भारत के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 104 रनों की पारी खेली थी हालांकि उस मैच में आस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा था।
ज्योफ ने आस्ट्रेलिया की ओर से 93 टेस्ट और 117 एकदिवसीय मैच खेले। उन्होंने 117 एकदिवसीय मैचों में लगभग 40 की औसत से 4357 रन बनाए। वहीं शॉन मार्श ने अब तक सिर्फ 18 एकदिवसीय मैच खेले हैं और इनमें 42.35 की औसत से 720 रन बना चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।