ग्रीन पार्क स्टेडियम में श्रीलंका के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने खेल शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा।
मुंबई पर आतंकवादी हमले के वक्त भारतीय टीम कटक में इंग्लैंड के साथ एकदिवसीय मैच खेल रही थी। पांचवां मैच पूरा होने के बाद हमले से घबराई इंग्लिश टीम दौरा बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट गई थी।
इंग्लैंड की टीम ने हालांकि एक महीने के बाद टेस्ट श्रृंखला के लिए फिर से भारत वापसी की। दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का दूसरा मैच मुंबई में खेला जाना था लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे चेन्नई में आयोजित किया गया था।
मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के कारण प्रथम चैम्पियंस लीग ट्वेंटी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता की भी तारीख आगे बढ़ानी पड़ी थी। इसका आयोजन इस वर्ष अक्टूबर में कराया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 26 नवंबर को समुद्र के रास्ते भारत पहुंचे 10 आतंकवादियों ने मुंबई पर हमला कर दिया था। देश की व्यावसायिक राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में हुए इस हमले में लगभग 170 लोग मारे गए थे।
सुरक्षा बलों में 60 घंटे की कार्रवाई के दौरान नौ आतंकवादियों को मार गिराया था जबकि एक आतंकवादी मोहम्मद अजमल आमिर कसाब जिंदा पकड़ा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।