तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में 112 रनों से जीता दक्षिण अफ्रीका
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने अब्राहम डिविलियर्स के शानदार शतक तथा हाशिम अमला, ग्रीम स्मिथ और एल्वारो पीटरसन के अर्धशतकों की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 354 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
डिविलियर्स ने अपनी 85 गेंदों की तूफानी पारी के दौरान 14 चौके लगाए। अमला ने भी 92 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 86 रनों की तेज पारी खेली। पीटरसन ने 40 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 51 रन बनाए। कप्तान स्मिथ ने 56 गेंदो का सामना करते हुए छह चौकों की मदद से 54 रन बनाए।
इसके अलावा मार्क बाउचर ने भी 22 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से चोट के बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने चार और ल्यूक राइट ने दो विकेट अपने नाम किए।
जवाब में खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम पॉल कोलिगवुड की 86 रनों की शानदार पारी के बावजूद 41.3 ओवरों में 242 रनों पर पेवेलियन लौट गई। केविन पीटरसन ने 45 रनों की पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से वायने पार्नेल ने पांच विकेट झटके। मोर्न मोर्कल को तीन और जीन पॉल डुमिनी को दो सफलता मिली। डिविलियर्स को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
पांच मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। पहला मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था जबकि इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने सात विकेट से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications