समाचार पत्र 'डोमिनियन पोस्ट' के मुताबिक बांड मंगलवार को वेस्टपैक स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंचे लेकिन वह अभ्यास नहीं कर सके। बांड ने हालांकि इस चोट के कारण अपने करियर पर आने वाले किसी प्रकार के खतरे की संभावना से इंकार किया।
बांड को डुनेडिन में खेले गए पहले टेस्ट मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। दो साल के अंतराल के बाद पहला टेस्ट मैच खेल रहे बांड ने इस मैच में कुल आठ विकेट झटके थे।
स्कैन से पता चला है कि बांड की पेट की मांसपेशियों की स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं है लेकिन उन्हें एहतियात के तौर पर खेल से दूर रखा जा रहा है।
टीम प्रबंधन ने कहा है कि बांड को सुधार कार्यक्रम से गुजरना होगा क्योंकि उनके लिए अगले वर्ष फरवरी में बांग्लादेश के साथ खेली जाने वाली टेस्ट श्रंखला से पहले पूरी तरह फिट होना बेहद जरूरी है।
गुरुवार से वेलिंग्टन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए बांड के स्थान पर डरेल टफी या फिर टिम साउथी को टीम में शामिल किया जा सकता है।
टफी को पहले ही टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। मौका मिलने की स्थिति में वह पांच साल के अंतराल के बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।