मैच के पहले दिन बिना कोई विकेट खोए 47 रन बनाने वाले मेजबान टीम ने दूसरे दिन शनिवार को खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट के नुकसान पर 346 रन बना लिए थे। अपनी 127 गेंदों की पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का लगाने वाले विटोरी के अलावा डरेल टफी 13 रन बनाकर अविजित लौटे। विटोरी ने अपने करियर का चौथा टेस्ट शतक जड़ा। पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 223 रन बनाए थे।
दूसरे दिन के पहले सत्र में न्यूजीलैंड को पहला झटका 60 रन के कुल योग पर लगा। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे ब्रेडले वॉटलिंग 18 रन बनाकर मोहम्मद आसिफ की गेंद पर कामरान अकमल के हाथों लपके गए। इसके बाद 82 रन के कुल योग पर मार्टिन गुपटिल (13) भी पेवेलियन लौट गए।
एक छोर पर टिम मिशिंटोस (82) टिके हुए थे जबकि दूसरे छोर पर न्यूजीलैंड के विकेट लगातार गिरते रहे। गुपटिल के विदा होने के बाद रॉस टेलर भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 21 रन बनाकर 118 रनों के कुल योग पर आउट हुए। टेलर का विकेट दानिश कनेरिया ने लिया। कनेरिया ने 136 रनों के कुल योग पर डेनियल फ्लिन (5) को भी चलता कर मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया।
इसके बाद टीम को मुश्किल से निकालने का काम विटोरी और मैक्लम ने संभाला। दोनों कुल योग को 321 रनों तक ले गए। इसी स्कोर पर मैक्लम को उमर गुल ने फैजल इकबाल के हाथों कैच कराकर शतकीय साझेदारी तोड़ दी। मैक्लम ने 103 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और एक छक्का लगाया। पाकिस्तान की ओर से कनेरिया ने चार और आसिफ तथा गुल ने एक-एक सफलता हासिल की है।
इससे पहले, तेज गेंदबाज टफी (52/4) और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर चुके इयान ओ' ब्रायन (35/4) की शानदार गेंदबाजी के आगे घुटने टेकते हुए पाकिस्तानी टीम अपनी पहली पारी में 223 रन बना सकी थी। पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज इमरान फरहत 117 रन बनाकर अविजित रहे।
फरहत ने अपनी 169 गेंदों की नाबाद पारी के दौरान 14 चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा कामरान अकमल ने 22, मोहम्मद आमेर ने 23 और उमर गुल ने 24 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तानी टीम का मध्यक्रम बुरी तरह नाकाम रहा। इसकी नाकामी के कारण मेहमान टीम ने एक समय 90 रन के कुल योग पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे। सलमान बट्ट (9), इकबाल (6), कप्तान मोहम्मद यूसुफ (0), उमर अकमल (0) और मिस्बाह उल हक (0) ने बेहद निराश किया।
इसके बाद फरहत ने आमेर के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 69 रन जोड़े। पहली पारी में पाकिस्तान की यह सबसे बड़ी साझेदारी रही। न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस मार्टिन और टिम साउथी ने भी एक-एक सफलता हासिल की। तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर चल रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।