भारत ने मोहाली में श्रीलंका से हिसाब बराबर किया (लीड-6)
भारतीय टीम ने ट्वेंटी-20 मैचों में अब तक के सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की। यह एक विश्व रिकार्ड है।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए जबकि भारतीय टीम ने 19.1 ओवरों में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने दो मैचों की श्रृंखला में 1-1 बराबरी हासिल कर ली। श्रीलंका ने नागपुर में खेला गया पहला मैच 29 रनों के अंतर से जीता था।
भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग ने 64 और गौतम गंभीर ने 21 रन बनाए। सहवाग ने 36 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और तीन छक्के लगाए जबकि गंभीर ने 18 गेंदों पर एक चौका लगाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.6 ओवरों में 58 रन जोड़े।
भारत की जीत में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और युवराज सिंह ने अहम किरदार निभाया। दोंनों ने तूफानी पारी खेली और तीसरे विकेट के लिए छह ओवरों में 80 रन जोड़े। धौनी ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 46 रन बनाए।
दूसरी ओर, युवराज ने अपनी छवि के अनुरूप धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बना डाले। दिनेश कार्तिक चार रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, श्रीलंका की ओर से कप्तान कुमार संगकारा ने सर्वाधिक 59 रनों का योगदान दिया जबकि चिंतका जयसिंघे ने 38 और सनथ जयसूर्या ने 31 रन बनाए।
संगकारा ने 31 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और दो छक्के लगाए। जयसिंघे ने 28 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का जड़ा जबकि जयसूर्या ने 21 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया।
एंजेलो मैथ्यूज 26 रन बनाकर नाबाद रहे। मैथ्यूज ने 13 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और दो छक्के जड़े। भारत ने 24 रन अतिरिक्त के तौर पर लुटाए। भारतीय टीम की ओर से युवराज सिंह ने तीन और ईशांत शर्मा ने दो विकेट झटके।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications