लाहौर, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने कहा है कि उनकी मरहूम बीबी हुमा का इलाज कर रहे लाहौर के चिकित्सकों का ध्यान अपने फर्ज निभाने से कहीं ज्यादा पैसा बनाने में था।
उल्लेखनीय है कि 42 वर्षीय हुमा को सिंगापुर ले जाते समय तबियत ज्यादा बिगड़ जाने के कारण चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां विगत 25 अक्टूबर को चिकित्सकों के पूरे प्रयास के बावजूद उनकी मौत हो गई थी।
समाचार पत्र 'डॉन' से बातचीत में अकरम ने शुक्रवार को कहा, "लाहौर के चिकित्सकों ने मेरी बीबी का सही ढंग से उपचार नहीं किया। वे उनकी बीमारी का पता भी नहीं लगा सके थे। उनका पूरा ध्यान सिर्फ पैसा बनाने पर था। उन्होंने हुमा को एयर एंबुलेंस से सिंगापुर ले जाने के लिए 150,000 डॉलर का इंतजाम करने के लिए कहा था।"
सर्वकालीन महान तेज गेंदबाजों में शुमार अकरम ने आरोप लगाया कि लाहौर में हुमा की हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था कि जबकि चिकित्सक लगातार सुधार का दावा कर रहे थे। उन्होंने कहा, "हुमा के उपचार से जुड़े चिकित्सक फोन पर नहीं मिलते थे। यह बात हमें बहुत परेशान करती थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।