पत्रिका के कर्ताधर्ता का मानना है कि यह पता लगाना नामुमकिन हैं कि उन्हें जो तस्वीरें प्राप्त हुई हैं, वह असल में वुड्स की ही हैं। वुड्स की तस्वीरें नहीं प्रकाशित करने के फैसले के बारे में मशहूर 'पीपुल' पत्रिका के माध्यम से जानकारी दी गई है।
अपने बयान में 'प्लेगर्ल' पत्रिका के विपणन निदेशक डेनिएल नार्डिसियो ने कहा, "'प्लेगर्ल' ने वुड्स की इन कथित तस्वीरों को प्रकाशित नहीं करने का फैसला किया है। ये तस्वीरें कथित तौर पर खुद वुड्स द्वारा कैमरा फोन के जरिए खींची गई हैं। हमारे लिए यह साबित कर पाना असंभव है कि ये तस्वीरें सचमुच वुड्स की ही हैं। यही सोचकर हमने इन्हें प्रकाशित करने का इरादा त्याग दिया है।"
उल्लेखनीय है कि 29 नवंबर को फ्लोरिडा में हुई कार दुर्घटना के बाद कम से कम 11 महिलाओं ने विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त गोल्फ खिलाड़ी वुड्स के साथ अवैध संबंधों की बात स्वीकार की है। इसे लेकर वुड्स की व्यक्तिगत और पेशेवर जिंदगी में तूफान आ गया है।
एक तरफ जहां वुड्स की पत्नी और मशहूर मॉडल एलिन नार्डेग्रेन उन्हें क्रिसमस के बाद तलाक देने का फैसला कर चुकी हैं वहीं दूसरी ओर विवाहेत्तर संबंधों के खुलासे के दो सप्ताह के भीतर उन्हें पेशेवर स्तर पर दूसरा बड़ा झटका लगा है।
मशहूर कंपनी जिलेट द्वारा वुड्स के साथ किया गया 1.2 करोड़ डॉलर का विपणन संबंधी करार खत्म करने की घोषणा के एक दिन बाद रविवार को प्रबंधन परामर्श कंपनी एक्सेंचर ने भी इस गोल्फ स्टार के साथ अपना करार तोड़ने की घोषणा कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्बिस।