वेबसाइट 'द सन डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक एलिन को रविवार को विंदरमियर इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपने बच्चों के साथ देखा गया। वह अपनी कार में पेट्रोल भरवाने आई थीं लेकिन उन्होंने सगाई वाली हीरे की अंगूठी नहीं पहन रखी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एलिन ने चूंकी बड़े आकार का चश्मा पहन रखा था, लिहाजा उनके चेहरे के भावों को ठीक से नहीं पढ़ा जा सका। वैसे, वह अपने दोनों बच्चों के साथ बहुत प्यार से पेश आ रही थीं।
शनिवार को खबर आई थी कि अपने पति से खफा एलिन इस वर्ष क्रिसमस के बाद उन्हें तलाक दे देंगी। लगभग 11 महिलाओं द्वारा वुड्स के साथ अवैध संबंधों की बात स्वीकारने के बाद एलिन ने अपने पति को तलाक देने के लिए वकीलों से सलाह करनी शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि 29 नवंबर को फ्लोरिडा में हुई कार दुर्घटना के बाद कम से कम 11 महिलाओं ने विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त गोल्फ खिलाड़ी वुड्स के साथ अवैध संबंधों की बात स्वीकार की है।
वुड्स ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से हालांकि शादीशुदा जिंदगी को बचाने के लिए गोल्फ से अनिश्चितकाल के लिए अवकाश लेने और बेहतर पति तथा पिता बनने का प्रयास करने की बात कही थी लेकिन एलिन उन्हें माफ करने की स्थिति में नहीं दिख रही हैं।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।