अस्टिन सीले की अध्यक्षता में काम कर रहे सात सदस्यीय समन्वय आयोग ने सोमवार को भारत में होने वाले अब तक के सबसे बड़े खेल आयोजन को लेकर दिल्ली की तैयारियों का जायजा लेने का अपना तीन दिवसीय अभियान शुरू किया।
आयोजन समिति के साथ हुई पहले दौर की बैठक के दौरान समन्वय आयोग के अध्यक्ष सीले ने कहा, "हम कुछ क्षेत्रों पर काम कर रहे हैं। हम देख रहे हैं कि दिल्ली में इन खेलों के सफल आयोजन के लिए माहौल तैयार हो रहा है।"
आयोजन समिति के अध्यक्ष होने के नाते कलमाडी ने समन्वय आयोग को बताया कि वह सभी को राजधानी में इन खेलों के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर आश्वस्त करना चाहते हैं। समन्वय आयोग ने इससे पहले मई 2009 में भारत का दौरा किया था।
कलमाडी ने कहा, "मैंने समन्वय आयोग की बैठकों को अपने कार्यो के पुनर्आकलन के अच्छे मौके के रूप में देखा है। हम दिल्ली में सफल आयोजन को लेकर कृतसंकल्प हैं और इसलिए मैं इतना कह सकता हूं कि हम राष्ट्रमंडल खेलों का समय से और ऐतिहासिक आयोजन करने में सफल रहेंगे।"
कलमाडी ने बताया कि इन खेलों के लिए एअर इंडिया, एनटीपीसी और हीरो होंडा जैसी बड़ी कंपनियों के साथ प्रायोजन संबंधी करार किए गए हैं और इस संबंध में कई और कंपनियों के सामने आने की उम्मीद है।
कलमाडी ने कहा, "आने वाले दिनों में हम बैंकिंग, लॉजिस्टिक, खान-पान, तकनीक, परिवहन और अन्य मदों को लेकर अपनी जरूरतों के हिसाब से कंपनियों के साथ करार करेंगे।"
इस अवसर पर खेल मंत्रालय के सचिव सिंधुश्री खुल्लर ने समन्वय आयोग से कहा कि वह इस काम में आयोजन समिति और खेल मंत्रालय की मदद करे। खुल्लर के मुताबिक अब तैयारियों पर नजर रखने की बजाय समन्वय आयोग इस संबंध में अपनी राय दे, जो आयोजन समिति के लिए काफी फायदेमंद रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।