गेल अपने करियर का 12वां शतक लगाने के बाद डगलस बोलिंगर की गेंद पर शेन वॉटसन के हाथों लपके गए। गेल ने 72 गेंदों पर नौ चौके और छह छक्के लगाए। गेल ने अपना शतक 70 गेंदों पर पूरा किया। वेस्टइंडीज का यह विकेट 136 रन के कुल योग पर गिरा।
खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने 34 ओवरों की समाप्ति तक एक विकेट के नुकसान पर 170 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस डॉवलिन ने 112 गेंदों का सामना करते हुए सात चौकों की मदद से 47 रन बनाए थे जबकि रामनरेश सरवन 17 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
इससे पहले, आस्ट्रेलियाई टीम ने गुरुवार को अपनी पहली पारी सात विकेट पर 520 रन बनाकर घोषित कर दी। मेजबान टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 339 रन बनाए थे। दिन का खेल खत्म होने तक माइकल हसी 81 रन बनाकर नाबाद लौटे थे जबकि मार्कस नॉर्थ ने 23 रन बनाए थे।
दूसरे दिन हसी अपने पुराने स्कोर में एक रन जोड़कर पेवेलियन लौट गए लेकिन नॉर्थ ने 68 रनों की शानदार पारी खेली। नॉर्थ ने 117 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए। नॉर्थ के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन ने भी 88 रन बनाए। हेडिन ने 91 गेंदों की तेज पारी के दौरान 11 चौके और दो छक्के जड़े। हेडिन और नॉर्थ ने पांचवें विकेट के लिए 89 रन जोड़े।
इन दोनों के अलावा मिशेल जानसन ने भी 45 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। नेथन हॉरित्ज दो रन बनाकर नाबाद लौटे। वेस्टइंडीज की ओर से क्रेमर रॉच और नरसिंह देवनारायन ने दो-दो सफलता हासिल की।
तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 से आगे चल रही है। उसने ब्रिस्बेन में खेला गया पहला टेस्ट मैच एक पारी और 65 रनों से जीता था। एडिलेड में खेला गया दूसरा टेस्ट बराबरी पर छूटा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।