कोहली का अर्धशतक, भारत की स्थिति संभली (लीड-5)
चौथे विकेट के रूप में विराट कोहली अर्धशतक लगाकर पेवेलियन लौटे। कोहली ने 65 गेंदों का सामना करते हुए सात चौकों की मदद से 54 रन बनाए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रन जोड़े।
खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 29 ओवरों की समाप्ति तक चार विकेट के नुकसान पर 143 रन बना लिए थे। कप्तान धौनी 38 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 32 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि सुरेश रैना ने तीन रन बनाए थे।
कोहली के आउट होने से पहले तेंदुलकर 52 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 43 रन बनाकर स्पिन गेंदबाज असंथा मेंडिस की गेंद पर कुमार संगकारा के हाथों लपके गए। तेंदुलकर का विकेट 81 रनों के कुल योग पर गिरा।
इससे पहले, भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के विकेट गंवाए। गंभीर 19 रन के कुल योग पर रन आउट हुए जबकि सहवाग का विकेट चार रन के कुल योग पर गिरा।
गंभीर दो रन बनाने के बाद दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए। तेंदुलकर द्वारा खेले गए शॉट पर रन लेने के प्रयास में गंभीर क्रिज तक पहुंचने ही वाले थे कि अचानक एक श्रीलंकाई क्षेत्ररक्षक उनके रास्ते में आ गया। इसी बीच, एंजेलो मैथ्यूज के सीधे थ्रो ने गिल्लियां बिखेर दीं।
दूसरी ओर, तेज गेंदबाज चनाका वेलेगेदारा द्वारा फेंके गए मैच के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर चौका जड़कर शानदार शुरुआत करने वाले सहवाग चौथी गेंद को ठीक से पढ़ नहीं सके और बाहर जाती गेंद पर बल्ला लगा बैठे।
विकेट के पीछे खड़े मेहमान कप्तान कुमार संगकारा ने इसे लपकने में कोई गलती नहीं की। सहवाग ने राजकोट में खेले गए पहले मुकाबले में 102 गेंदों पर शानदार 146 रन बनाए थे।
भारतीय टीम इस श्रृंखला में 1-0 से आगे चल रही है। उसने राजकोट में मंगलवार को खेला गया पहला मुकाबला 3 रन से जीता था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 414 रन बनाए थे जबकि अंतिम गेंद फेंके जाने तक श्रीलंकाई टीम 411 रन ही बना सकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications