धौनी की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को टीम में शामिल किया गया है। उधर तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को एस. श्रीसंत के स्थान पर बुलाया गया है। श्रीसंत स्वाइन फ्लू से पीड़ित थे और अभी वह स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को 21 दिसंबर को कटक में होने वाले तीसरे एकदिवसीय मैच और 24 दिसम्बर को कोलकाता में होने वाले चौथे एकदिवसीय मैच के लिए भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है।
राष्ट्रीय चयन समिति ने चेन्नई में शनिवार को हुई बैठक के बाद भारतीय टीम की घोषणा की हालांकि इसमें वास्तविक रूप से कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे एकदिवसीय मैच में धीमी ओवर गति के कारण भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी पर शनिवार को दो एकदिवसीय मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया।
मैच रैफरी जेफ क्रो ने धौनी के खिलाफ दो मैचों का प्रतिबंध लगाया। जुर्माना स्वरूप भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों की मैच फीस में भी 40 फीसदी की कटौती की गई।
इस प्रतिबंध के कारण धौनी कोलकाता और कटक में होने वाले अगले दो मैचों के दौरान मैदान से बाहर रहेंगे। धौनी दिल्ली में 27 दिसंबर को होने वाले श्रृंखला के पांचवें और आखिरी मैच में टीम की कमान फिर संभालेंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम इस प्रकार है:
वीरेंद्र सहवाग (कप्तान), गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, जहीर खान, हरभजन सिंह, आशीष नेहरा, विराट कोहली, ईशांत शर्मा, सुदीप त्यागी, प्रज्ञान ओझा और प्रवीन कुमार।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।