खेल के तीसरे दिन सोमवार को आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 258 रनों पर समेट दिया। दूसरी पारी में मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को साइमन कैटिच, रिकी पोंटिंग और माइक हसी के रूप में तीन झटके लगे। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर आस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 111 रन बना लिए थे। शेन वाटसन 64 और माइकल क्लार्क 21 रन बनाकर नाबाद थे।
इससे पहले आस्ट्रेलिया की पहली पारी के 454 रनों के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम पहली पारी में 258 रनों पर सिमट गई। इसके साथ ही आस्ट्रेलिया ने पहली पारी के आधार पर 196 रनों की बढ़त बना ली।
पाकिस्तान की ओर से मिस्बाह-उल-हक ने सर्वाधिक 65 रनों की पारी खेली। उन्होंने आखिरी विकेट के लिए सईद अजमल के साथ मिलकर 38 रनों की साझेदारी की। मिस्बाह के अलावा पाकिस्तान की ओर से उमर अकमल दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उनके बल्ले से 51 रन निकले।
आस्ट्रेलिया की ओर से डॉग बोलिंगर और मिशेल जानसन सबसे कामयाब गेंदबाज रहे। दोनों ने तीन-तीन विकेट चटकाए। इनके अलावा पीटर सिडल ने दो और नाथन हॉरिट्ज व वाटसन ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली आस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 454 रनों के स्कोर पर घोषित कर दी थी। मेजबान टीम की ओर से साइमन कैटिच ने 98 और वाटसन ने 93 रनों की पारी खेली थी। इनके अलावा माइक हसी ने 82, हॉरिट्ज ने 75 और कप्तान रिकी पोंटिंग ने 57 रनों का योगदान दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।