सिडनी, 2 जनवरी (आईएएनएस)। स्थानीय सिडनी क्रिकेट मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ रविवार से आरंभ हो रहे टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच में आस्ट्रेलियाई टीम के सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच के खेलने को लेकर संशय है। कैटिच की कोहनी में चोट लगी है।
अगर इस मैच में कैटिच नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह पर न्यू साउथ वेल्स के बल्लेबाज फिलिप ह्यूग्स को जगह मिल सकती है। 21 वर्षीय फिलिप बेहद प्रतिभाली खिलाड़ी माने जाते हैं। उन्होंने अब तक पांच टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें 52.44 की औसत से 472 रन बनाए हैं। इसमें उनके दो शतक शामिल हैं।
स्थानीय समाचार पत्र 'द डेली टेलीग्राफ' के अनुसार आस्ट्रेलियाई टीम के एक प्रवक्ता ने बताया, "कैटिच टीम के फिजियो एलेक्स काउंटरिस के साथ चोट से मिलकर उबरने की कोशिश में लगे हुए हैं। फिलिप को सिडनी पहुंचने के लिए कह दिया गया है।"
गौरतलब है कि कैटिच ने पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेले गए पहले टेस्ट मैच में शेन वाटसन के साथ मिलकर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दी थी। इस मैच में आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 170 रनों से हरा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।