सिमंस अपनी नई भूमिका के लिए बांग्लादेश में भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे। भारतीय टीम वहां दो मैचों की टेस्ट श्रंखला में हिस्सा लेगी। टेस्ट श्रृंखला की शुरुआत 17 जनवरी से होगी। इसके बाद भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के साथ घरेलू पिचों पर टेस्ट श्रृंखला खेलनी है।
बीसीसीआई ने सोमवार को जारी अपने बयान में कहा, "सिमंस को बांग्लादेश के साथ खेली जाने वाली टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका के साथ होने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है।"
47 वर्षीय सिमंस एक मध्यम गति के गेंदबाज और निचले क्रम के बल्लेबाज के तौर पर दक्षिण अफ्रीका के लिए 1994 से 1995 के बीच 23 एकदिवसीय मैच खेल चुके हैं। भारतीय टीम के मौजूदा कोच गैरी कर्स्टन 2002-02 में सिमंस के प्रशिक्षण में दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए खेल चुके हैं।
वेंकटेश प्रसाद और रोबिन सिंह को गेंदबाजी तथा क्षेत्ररक्षण कोच पद से बर्खास्त करने के बाद बीसीसीआई ने श्रीलंका के साथ खेली गई एकदिवसीय श्रंखला के दौरान आस्ट्रेलिया के माइक यंग को क्षेत्ररक्षण सलाहकार नियुक्त किया था। यंग की नियुक्ति के बाद सिमंस के रूप में भारतीय टीम के साथ दूसरा विदेशी सलाहकार जुड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।