मुंबई की ओर से अभिषेक साल्वी ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि धवल कुलकर्णी को दो और अजीत अगरकर तथा अभिषेक नायर को एक-एक सफलता मिली। मुंबई ने अपनी पहली पारी में 233 रन बनाए थे। इस तरह उसे पहली पारी की तुलना में 103 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिल गई।
कर्नाटक की टीम ने भोजनकाल तक 95 रनों पर सात विकेट गंवा दिए थे। पहले दिन की समाप्ति तक एक विकेट के नुकसान पर 15 रन बनाने वाली इस टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज केबी पवन ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। उसके पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर सके।
पवन (33) के अलावा रोबिन उथप्पा (9), आर विनय कुमार (2), गणेश सतीश (10), मनीष पांडेय (0), अमित वर्मा (8), स्टुअर्ट बिन्नी (13), सुनील जोशी (17), मुरलीधरन गौतम (16) और अभिमन्यु मिथुन (5) रन बनाए। उथप्पा पहले दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले आउट हुए थे।
इससे पहले, कर्नाटक ने विनय कुमार और मिथुन की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मैच के पहले दिन मुंबई की पहली पारी 233 रनों पर समेट दी थी। 38 बार के चैम्पियन मुंबई के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज विनायक सामंत ने सर्वाधिक 67 रन बनाए।
सामंत ने 157 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए। तेज गेंदबाजों को मदद कर रही इस पिच पर मुंबई के बल्लेबाज अपने कद के हिसाब से बल्लेबाजी नहीं कर सके और पूरी टीम 79 ओवरों में पेवेलियन लौट गई।
इसके अलावा मुंबई के लिए नायर ने 37 रनों का योगदान दिया जबकि इकबाल अब्दुल्ला ने 30 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज साहिल कुकरेजा (0), कप्तान वसीम जाफर (3) और अंजिक्य रेहाने (14) ने निराश किया लेकिन ओजे खानवल्कर (25)और रोमेश पोवार (23) ने मुश्किल समय में उपयोगी बल्लेबाजी की।
कर्नाटक की ओर से विनय और मिथुन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए क्रमश: चार और तीन विकेट झटके। दिग्गज स्पिनर सुनील जोशी और श्रीनाथ अरविंद को भी एक-एक विकेट मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।