गंभीर, कोहली और युवराज पेवेलियन लौटे (लीड-1)
गंभीर एक रन के कुल योग पर नुवान कुलसेकरा की गेंद पर बोल्ड हुए जबकि कोहली का विकेट चार रन के कुल योग पर गिरा। गंभीर खाता भी नहीं खोल सके जबकि पिछले मैच में शतक लगाने वाले कोहली सिर्फ दो रन बना सके।
कोहली का विकेट चनाका वेलेगेदारा के खाते में गया। युवराज का विकेट 16 रन के कुल योग पर गिरा। वह भी बिना कोई रन बनाए पेवेलियन लौटे।
खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 3.3 ओवरों की समाप्ति तक तीन विकेट के नुकसान पर 16 रन बना लिए थे। दो मैचों के बाद टीम में वापसी कर रहे सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने आठ गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाए थे जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने खाता नहीं खोला था।
भारतीय टीम में सहवाग, जहीर खान और हरभजन सिंह की वापसी हुई है जबकि दिनेश कार्तिक, अमित मिश्रा और सुदीप त्यागी को बाहर बैठना पड़ा है। दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम ने एक परिवर्तन किया है। सुरंग लकमल के स्थान पर तेज गेंदबाज कुलसेकरा को अंतिम-11 में जगह दी गई है।
इस श्रंखला में दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीते। श्रीलंका ने जहां दूसरे लीग मुकाबले में भारत को पांच विकेट से हराया था, वहीं भारत ने पांचवें मुकाबले में श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर हिसाब बराबर किया था। बांग्लादेश की टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी है।
दोनों टीमों के बीच यह 121वां मुकाबला है। किन्हीं दो देशों के बीच खेले गए मैचों की यह सर्वाधिक संख्या है। आस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच 120 तथा पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच अबतक 119 मैच खेले गए हैं।
तटस्थ आयोजन स्थलों पर भारत का पलड़ा भारी रहा है। श्रीलंका के साथ तटस्थ स्थान पर उसने 40 मैच खेले हैं, जिनमें से 19 में उसे जीत मिली है जबकि 11 में हार। तटस्थ स्थान पर खेले गए अंतिम 12 मैचों में भारत को आठ में जीत मिली है।
बांग्लादेश में श्रीलंका का पलड़ा भारी रहा है। यहां भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल पांच मैच हुए हैं, जिनमें से तीन में श्रीलंकाई टीम की जीत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications