भारत को एक और झटका, लक्ष्मण सस्ते में लौटे (लीड-4)
भारत ने भोजनकाल के बाद मात्र छह रन के अंतर पर कार्यकारी कप्तान वीरेंद्र सहवाग, सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और राहुल द्रविड़ के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद लक्ष्मण ने सचिन तेंदुलकर के साथ पारी को संवारने की जिम्मेदारी संभाली लेकिन मेजबान कप्तान सकीबुल हसन ने उन्हें सात रन के व्यक्तिगत योग पर आउट कर दिया।
भारत का यह विकेट 107 रनों के कुल योग पर गिरा। भारतीय टीम ने 85 रन के कुल योग पर द्रविड़ के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया था। इससे ठीक पहले, सहवाग के साथ भोजनकाल तक बिना कोई विकेट खोए 63 रन जोड़ने वाले गंभीर 44 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 23 रन बनाकर शहादत हुसैन की गेंद पर मुश्फिकुर रहीम के हाथों कैच हुए। गंभीर का विकेट 79 रन के कुल योग पर गिरा।
गंभीर के विदा होने के बाद तेज अर्धशतक लगाने वाले सहवाग भी अपना संयम खो बैठे और सकीबुल की गेंद पर तमीम इकबाल के हाथों कैच कर लिए गए। सहवाग का विकेट 79 रन के कुल योग पर ही गिरा। सहवाग 51 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों की मदद से 52 रन बनाए।
लगातार दो झटके लगने के बाद टीम को संभालने की जिम्मेदारी द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर पर आ गई लेकिन शहादत ने द्रविड़ की एक न चलने दी और उन्हें 85 रन के कुल योग पर बोल्ड कर दिया। द्रविड़ चार रन बना सके।
खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 30 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट खोकर 111 रन बनाए थे। तेंदुलकर 45 गेंदों पर 16 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि युवराज सिंह ने दो रन बनाए थे।
मौसम खराब होने के कारण मैच शुरू होने में लगभग डेढ़ घंटे की देरी हुई। चटगांव में कोहरे के कारण रोशनी काफी कम थी और यही देखते हुए अंपायरों ने मैच भारतीय समयानुसार 10.30 बजे के बाद शुरू करने की घोषणा की थी।
इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी सहवाग संभाल रहे हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के अनफिट होने की स्थिति में सहवाग को टीम की कमान सौंपी गई। हरभजन सिंह भी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर अमित मिश्रा को मैदान में उतारा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications