बसु ने रविवार सुबह 11.47 बजे अंतिम सांस ली। निमोनिया से पीड़ित होने के कारण उन्हें एक जनवरी को साल्टलेक स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित देश और दुनिया की तमाम विशिष्ट हस्तियों ने बसु के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
कोका कोला ने अपने बयान में कहा, "कोका कोला और फीफा को बसु के निधन से गहरा आघात लगा है। हम उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। बसु एक ऐसे जननेता रहे हैं, जिन्होंने करोड़ों लोगों को प्रेरित किया है।"
कंपनी के मुताबिक बसु के निधन के कारण उसने 2010 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले फुटबाल विश्व कप ट्रॉफी के भारत दौरे के अंतर्गत कोलकाता में होने वाले अपने कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।
कंपनी ने कहा, "हम उन सभी फुटबाल प्रेमियों से माफी मांगते हैं, जिन्हें इस कार्यक्रम का लंबे समय से इंतजार था। हम जानते हैं कि वे फुटबाल विश्व कप ट्रॉफी को देखने के लिए काफी उत्साहित थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।