आस्ट्रेलियन ओपन : सानिया का मैच टला, मंगलवार को रेजाई से भिड़ेंगी (लीड-4)
सानिया पहले दौर में फ्रांस की एरावाने रेजाई से भिड़ेंगी। सानिया को विश्व वरीयता क्रम में 56वां स्थान प्राप्त है जबकि रेजाई 27वीं वरीय खिलाड़ी हैं। दोनों के बीच अब तक दो मुकाबले हुए हैं, जिसमें दोनों को एक बार जीत मिली है। मेड्रिड में पिछले वर्ष खेले गए मुकाबले में रेजाई ने सानिया को पराजित किया था।
आस्ट्रेलियन ओपन में सानिया और रेजाई का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। दोनों खिलाड़ी अब तक तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ सकी हैं। सानिया ने हालांकि मिश्रित युगल वर्ग में यहां एक बार खिताब जीता है। उन्होंने पिछले साल महेश भूपति के साथ खिताबी जीत हासिल की थी।
इस बीच, पिछले वर्ष अमेरिकी ओपन का खिताब जीतने वाले विश्व के चौथे वरीय पुरुष खिलाड़ी अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोटरो और महिलाओं में पूर्व सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी बेल्जियम की किम क्लाइस्टर्स दूसरे दौर में पहुंच गई हैं।
पोटरो ने अपने पहले दौर के मुकाबले में जहां अमेरिका के माइकल रसेल को 6-4, 6-4, 3-6, 6-2 से पराजित किया वहीं 2004 में अपने ही देश की जस्टिन हेनिन को हराकर यहां खिताब जीतने वाली क्लाइस्टर्स ने कनाडा की वालेरी टेटरेनाल्ट को सीधे सेटों में 6-0, 6-4 से हराया।
इसके अलावा, 2009 में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाली बेल्जियम की युवा खिलाड़ी यानिना विकमायेर और क्रोएशिया के इवो कार्लोविक दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे। विकमायेर ने जहां रूमानिया की एलेक्जेंड्रा डुल्गेरू को 1-6, 7-5, 10-8 से हराया वहीं कार्लोविक ने विश्व के 13वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी चेक गणराज्य के राडेक स्टेपानेक को कड़े मुकाबले के बाद 2-6, 7-6, 6-4, 3-6, 6-4 से हराया।
अन्य वरीय खिलाड़ियों में पांचवें वरीय ब्रिटेन के एंडी मरे और महिलाओं में दूसरी वरीय रूस की दिनारा सफीना भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। मरे ने पहले दौर में दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी केविन एंडरसन को 6-1, 6-1, 6-2 से पराजित किया वहीं चोट से उबरकर आस्ट्रेलियन ओपन में अपनी चुनौती पेश करने पहुंचीं सफीना ने स्लोवाकिया की मैगडेलीना रायबरीकोला को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से पराजित किया।
पुरुष वर्ग में अमेरिकी टेनिस स्टार एंडी रॉडिक, जर्मनी के फ्लोरियन मायेर, चिली के फर्नाडो गोंजालेज और क्रोएशियाई खिलाड़ी इवान जुबिकिच भी पहले दौर के अपने-अपने मुकाबले जीतने में सफल रहे। रॉडिक ने जहां हॉलैंड के थिएमो डी बाकर को 6-1, 6-4, 6-4 से पराजित किया वहीं मायेर ने जर्मनी के ही फिलिप पेटश्रेनर को 0-6, 2-6, 6-4, 6-2, 6-2 से हराया।
गोंजालेज बेल्जियम के खिलाड़ी ओलिवर रोकस पर 6-3, 6-4, 3-6, 6-1 से जीत हासिल करने में सफल रहे वहीं जुबिकिच ने आस्ट्रेलिया के जेसन कुब्लर को 6-1, 6-2, 6-2 से हराया। महिलाओं के एकल वर्ग में हालांकि पूर्व सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी रूस की मारिया शारापोवा की चुनौती समाप्त हो गई है।
शारापोवा को उनके ही देश की मारिया किरिलेंको ने 7-6 (7-4), 3-6, 6-4 से मात दी। पहले सेट को छोड़ बाकी के दो सेटों में शारापोवा लय में नहीं दिखीं। महिला वर्ग में युक्रेन की कैटरीना बोंडारेंको ने रूमानिया की खिलाड़ी इयोना रालुका ओलारू को कड़े मुकाबले के बाद 6-2, 7-6 से हराया जबकि चीन की झेंग झी को अपने ही देश की सुई पेंग को हराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। झेंग ने यह मैच 0-6, 6-1, 6-2 से जीता।
विश्व की 12वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी इटली की फ्लाविया पेनेता भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रही हैं। पेनेता ने पहले दौर में रूस की एना चाक्तावद्जे को 6-3, 3-6, 6-2 से हराया जबकि तीसरी वरीय रूसी खिलाड़ी स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा ने आस्ट्रिया की अनास्तासिया रोजियोनोवा को आसानी से 6-1, 6-2 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications