समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक फेडरर ने मंगलवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में जहां रूस के इगोर आंद्रीव को कड़े संघर्ष के बाद 4-6, 6-2, 7-6 (2), 6-0 से पराजित किया वहीं सेरेना ने पोलैंड की उर्सजुला रेडवांस्का को आसानी से 6-2, 6-1 से मात दी।
इसके अलावा रूस के निकोले डेवीडेंको भी दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे हैं। डेवीडेंको ने पहले दौर में जर्मनी के डिएटेर किंडलमैन को 6-1, 6-0, 6-3 से पराजित किया।
स्वीडन के खिलाड़ी रॉबर्ट सोल्डरलिंग हालांकि इतने भाग्यशाली नहीं रहे। उन्हें स्पेन के मार्सेल ग्रैनोलर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ग्रैनोलर्स ने उन्हें पांच सेटों तक चले मुकाबले में 5-7, 2-6, 6-4, 6-4, 6-2 से हराया।
स्पेन के खिलाड़ी फर्नाडो वर्दास्को कड़े संघर्ष के बाद अपना पहले दौर का मुकाबला जीतने में सफल रहे। वर्दास्को ने आस्ट्रेलिया के कार्सटेन बॉल को 6-7(4), 7-6 (1), 7-5, 6-2 से पराजित किया।
फ्रांस के जो विल्फ्रेड त्सोंग और क्रोएशिया के मारिन सेलिस भी दूसरे दौर में स्थान बनाने में कामयाब रहे हैं। त्सोंग ने जहां युक्रेन के सर्गेई स्टाखोवस्की को 6-3, 6-4, 6-4 से हराया वहीं सेलिक ने फ्रांस के फेब्रिस सांतोरो की चुनौती 7-5, 7-5, 6-3 से खत्म की।
महिला वर्ग में सेरेना के अलावा अमेरिका की वीनस विलियम्स और सर्बिया की अना इवानोविक भी दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रही हैं। वीनस ने जहां चेक गणराज्य की लूसी सफारोवा को 6-2, 6-2 से हराया, वहीं इवानोविक ने शैने पेरी को आसानी से 6-2, 6-3 के अंतर से मात दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।